Ashraf khan
हरिद्वार, 01 जून 2026। विकास भवन सभागार में आयोजित ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने परियोजना की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में अपर परियोजना निदेशक श्रीमती नलनीत घिल्डियाल, परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वर्ष 2023 से अब तक की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण
बैठक के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा वर्ष 2023 से वर्तमान तक रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अधिकारियों को परियोजना के विभिन्न आउटपुट, आउटकम और ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी दी गई। इस दौरान परियोजना की उपलब्धियों के साथ-साथ लंबित कार्यों की स्थिति भी साझा की गई।
लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर
जिला परियोजना प्रबंधक ने मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया कि कुछ गतिविधियां अभी लंबित हैं, जिनके सफल क्रियान्वयन के लिए एनआरएलएम स्टाफ का पूर्ण सहयोग आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नए उद्यम स्थापित करने और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।
आजीविका पैकेज और उद्यम स्थापना की हुई समीक्षा
बैठक में अल्ट्रा पुअर लाभार्थियों को दिए जाने वाले आजीविका पैकेज, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत उद्यमों की स्थापना, शेयर पूंजी संग्रहण, सीड रिवॉल्विंग फंड तथा कलेक्शन सेंटरों की स्थापना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जनपद में नवाचार आधारित नए उद्यमों को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
जुलाई तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों एवं परियोजना टीम को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जुलाई माह तक स्वीकृत सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण पर फोकस
बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने, ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि करने तथा स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने से आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रामीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास
रीप परियोजना के माध्यम से हरिद्वार जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों, सामुदायिक संस्थाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के प्रयास लगातार जारी हैं। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।




