Home » लेटेस्ट न्यूज़ » चारधाम यात्रा को जाम मुक्त बनाने की दिशा में हरिद्वार पुलिस की बड़ी पहल

चारधाम यात्रा को जाम मुक्त बनाने की दिशा में हरिद्वार पुलिस की बड़ी पहल

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

अशरफ खान रिपोर्ट

हरिद्वार। चारधाम यात्रा सीजन और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और जाम मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस, लोक निर्माण विभाग (PWD), संभागीय परिवहन विभाग तथा एनएचएआई (NHAI) की संयुक्त टीम ने जनपद के प्रमुख चौराहों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण किया।

पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में किए गए इस निरीक्षण के दौरान यातायात दबाव, सड़क संरचना, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य भौतिक चुनौतियों का गहन अध्ययन किया गया। सर्वेक्षण में पाया गया कि सुबह 9 बजे से 11 बजे और शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच स्कूलों, कार्यालयों तथा चारधाम यात्रा के कारण वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है।

 

निरीक्षण के दौरान फुटपाथों और सर्विस लेन पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न में आने वाली बाधाएं, चौराहों पर कम टर्निंग रेडियस, सड़क ढाल संबंधी समस्याएं, सिग्नल टाइमिंग में सुधार की आवश्यकता, घिस चुकी जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन और लेन मार्किंग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की पहचान की गई।

 

संयुक्त टीम ने ऐसे प्रमुख चौराहों को चिन्हित किया है, जहां लेफ्ट टर्न को फ्री करने, सड़क चौड़ीकरण, ड्रॉप लेन निर्माण, डिवाइडर सुधार और यातायात संकेतकों के उन्नयन से लगभग 30 प्रतिशत तक जाम की स्थिति को कम किया जा सकता है।

 

हरिद्वार पुलिस ने बताया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे चारधाम यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे लेन अनुशासन का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर जाम मुक्त और सुरक्षित हरिद्वार के निर्माण में सहयोग दें।

 

संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह, निरीक्षक सीपीयू हितेश कुमार, संभागीय परिवहन विभाग से वरुणा खंडेलवाल, लोक निर्माण विभाग से दीपक, एनएचएआई से प्रेम बल्लभ एवं अतुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स