रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रोशनाबाद में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार नवनीत सिंह ने किया।

शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के उपरांत हुए इस कार्यक्रम में एसपी क्राइम, एसपी सिटी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में 200 से अधिक पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर SSP नवनीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और स्वच्छ भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। हरिद्वार पुलिस के इस प्रयास को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




