हरिद्वार, 5 जून। आगामी कांवड़ यात्रा, कुंभ मेला तथा प्रचलित चारधाम यात्रा के दौरान यातायात संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के राजपत्रित अधिकारी भी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान आईजी राजीव स्वरूप ने चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले के दौरान संभावित यातायात दबाव और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से यातायात संचालन एवं व्यवस्थापन के संबंध में तैयार की जा रही कार्ययोजना पर सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में विभिन्न पक्षों द्वारा अपने सुझाव एवं विचार साझा किए गए, जिन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया गया।
आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि यात्रा और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था तथा औद्योगिक गतिविधियों के संतुलन को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी हितधारकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक का उद्देश्य आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाना तथा जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखना रहा।




