रिपोर्टर अशरफ खान.
हरिद्वार, 05 जून 2026। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरुप ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर सीसीआर मेला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा गोष्ठी की अध्यक्षता की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सहित जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने जनपद में घटित विभिन्न अपराधों, उनके खुलासे तथा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। आईजी राजीव स्वरुप ने अपराधों के सफल अनावरण के लिए हरिद्वार पुलिस की सराहना करते हुए विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी सर्किल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने-अपने सर्किल के थानों में अपराध समीक्षा बैठकें आयोजित कर विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लें और गंभीर अपराधों की विवेचनाओं की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
आईजी ने मुख्यालय और रेंज स्तर पर संचालित विभिन्न अभियानों को गंभीरता से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि हरिद्वार जनसंख्या, धार्मिक गतिविधियों और अपराध की संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण जिला है, इसलिए यहां पुलिसिंग का स्तर भी उच्च होना चाहिए।

बैठक में ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस के प्रदर्शन की भी सराहना की गई। आईजी ने अपेक्षा जताई कि जनपद पुलिस भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते श्रद्धालुओं और वाहनों के दबाव को देखते हुए आईजी राजीव स्वरुप ने यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पुलिस को देहरादून पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि हरिद्वार पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और जवान पूरी निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।




