रिपोर्ट सलमान
भगवानपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशानुसार होटल, कैफे एवं होमस्टे में संभावित अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न होटल, कैफे, होमस्टे, रेस्टोरेंट एवं ढाबों का निरीक्षण करते हुए एंट्री रजिस्टर और कमरों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी स्थान पर कोई अवैध अथवा संदिग्ध गतिविधि संचालित होती नहीं पाई गई।
पुलिस टीम ने होटल, कैफे एवं होमस्टे संचालकों तथा कर्मचारियों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए तथा सभी आगंतुकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
इसके अतिरिक्त नाबालिगों के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने तथा होटल परिसर के रिसेप्शन एवं गैलरी में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए।
भगवानपुर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस प्रकार के चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।




