रिपोर्ट मुजम्मिल खान
लक्सर/हरिद्वार, 06 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 5 एवं 6 जून 2026 को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो नाजायज चाकू बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस की सतर्कता और सक्रिय चेकिंग के चलते उन्हें समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे संभावित वारदात टल गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा पुत्र महिपाल एवं प्रदीप पुत्र दीपचंद, निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दर्ज अभियोगों में मु.अ.सं. 526/2026 धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम तथा मु.अ.सं. 527/2026 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल स्वदेश राय, कांस्टेबल महेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अरविन्द सिंह शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।




