रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार, 08 जून 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने 6 और 7 जून को जनपदभर में लक्जरी एवं यात्री बसों के खिलाफ विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं कृष्णा पलारिया के नेतृत्व में किया गया। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों, इंटरसेप्टर वाहनों और तकनीकी निरीक्षण दलों ने हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, बस अड्डों और प्रमुख यात्री मार्गों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्स भुगतान, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण में कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां पाई गईं।
अभियान के दौरान 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 6 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा तकनीकी मानकों पर खरे न उतरने वाले 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार के सघन अभियान जारी रहेंगे।
विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपने दस्तावेज अद्यतन रखने, वाहनों का नियमित रखरखाव कराने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।




