रिपोर्ट अशरफ खान हरिद्वार, 09 जून। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसियां दिन-रात कार्य कर रही हैं ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन सड़कों को सीवरेज कार्य के लिए खोदा गया है, उनकी मरम्मत हर हाल में शीघ्र पूरी की जाए। उनके निर्देशों के अनुपालन में सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है।
परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 08 जून को दोनों पैकेजों में कुल 345.4 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।
पैकेज-01 के अंतर्गत एनएचएआई के निकट जैन मंदिर बीटी रोड पर 75 मीटर तथा मुखिया गली में 13.4 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 88.4 मीटर कार्य पूर्ण हुआ।

वहीं पैकेज-02 के तहत राजविहार फेस-1 पावर ब्लॉक में 134 मीटर, गणपति धाम फेस-2 में 53 मीटर तथा शिवपुरी कॉलोनी में 70 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 257 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।
अधिकारियों के अनुसार सड़क पुनर्निर्माण कार्य लगातार दिन-रात जारी है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे चारधाम एवं कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।




