रिपोर्ट अशरफ खान हरिद्वार। बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और अग्निशमन विभाग ने रुड़की क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता एवं मार्ग निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य संकरी गलियों और बाजारों में अग्निशमन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना रहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर फायर यूनिट रुड़की की टीम ने वीटी गंज से रामपुर मंडी तक स्थित संकरे बाजार मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन वाहन को मार्ग से गुजारकर रास्तों की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क एवं मार्ग पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को तत्काल सामान हटाने और रास्ता साफ रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन वाहनों को किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी जागरूक किया गया। उन्हें अपील की गई कि अग्निशमन वाहनों सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग हमेशा अवरोध मुक्त रखें, ताकि किसी भी दुर्घटना या आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य समय पर किया जा सके।

अग्निशमन विभाग ने कहा कि जनसहयोग से ही आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाया जा सकता है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।




