रिपोर्ट अशरफ खान हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर फायर स्टेशन मायापुर की टीम ने अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह के नेतृत्व में 8 जून 2026 को हरिद्वार क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, फायर एक्सटिंग्विशर की कार्यक्षमता एवं वैधता तथा फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) की स्थिति की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने संस्थानों में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

फायर विभाग की ओर से संस्थानों के प्रबंधकों को सभी अग्निशमन उपकरणों को हर समय कार्यशील स्थिति में रखने तथा निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने लोगों से भी अपील की कि आग से होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतें, क्योंकि अग्नि सुरक्षा में जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।




