लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रबुद्ध वर्ग निभाए अहम भूमिका: मदन कौशिक भाजपा के प्रबुद्ध जन संवाद में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रखा विकसित भारत-2047 का विजन

मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रबुद्ध वर्ग निभाए अहम भूमिका: मदन कौशिक भाजपा के प्रबुद्ध जन संवाद में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रखा विकसित भारत-2047 का विजन

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट मुजम्मिल खान 

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्य हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध जनों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर विकसित भारत-2047 के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, डिजिटल क्रांति तथा आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। नारी सशक्तिकरण की दिशा में तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को “लखपति दीदी” अभियान से जोड़ा गया है। इसके अलावा 57 करोड़ मुद्रा ऋणों के माध्यम से स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिला है तथा देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को नई गति दी गई है।

अरुण सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। देश में सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। यूपीआई लेनदेन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की बल्कि अनेक देशों की सहायता कर वैश्विक नेतृत्व का परिचय भी दिया।

उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि “विकसित भारत-2047” केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा और नई पहचान दी है। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने प्रबुद्ध जनों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।

 

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी बात रखने वाला राष्ट्र बन चुका है।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध जनों ने अपने विचार और सुझाव भी साझा किए। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रबुद्ध जनों ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, पार्षद राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुषांक भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री सिंघल, पारुल चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स