रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने 70 वर्षीय लापता बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को सूचना मिली कि एक वृद्ध महिला दुर्गा चौक के पास अकेली बैठी हुई हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। महिला ने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपना पता बताने में असमर्थ थीं।
महिला कांस्टेबल की सहायता से उन्हें कोतवाली ज्वालापुर लाया गया। पुलिस ने उनकी पहचान और परिजनों की तलाश के लिए कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रयास किए, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद 14 जून को अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने दोबारा गहन पूछताछ की, जिसमें महिला ने अपना मायका वजीरपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने थाना गंगोह और ग्राम प्रधान वजीरपुर से संपर्क किया। ग्राम प्रधान की मदद से महिला के भतीजे का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ, जिसके बाद परिजनों से संपर्क स्थापित हो सका।
परिजनों ने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थीं और उनके हरिद्वार पहुंचने की जानकारी उन्हें नहीं थी। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बुजुर्ग महिला को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा
महिला कांस्टेबल सुल्ताना
महिला होमगार्ड सायरा बानो




