रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 15 जून। कलियर शरीफ दरगाह क्षेत्र में भीड़ के दौरान परिजनों से बिछड़ी 4 वर्षीय बालिका को हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोज निकाला और सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के तालगांव निवासी एक महिला ने थाना कलियर पहुंचकर बताया कि वह परिवार के साथ जियारत के लिए कलियर शरीफ आई थीं। दरगाह क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनकी चार वर्षीय पुत्री उनसे बिछड़ गई।
सूचना मिलते ही थाना कलियर पुलिस ने तत्काल सभी ड्यूटी प्वाइंट्स को सतर्क कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पीपल चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों को एक चार वर्षीय बच्ची रोते हुए लावारिस अवस्था में मिली, जो अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी। आसपास काफी तलाश के बावजूद जब उसके परिजन नहीं मिले तो पुलिस उसे सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली पिरान कलियर ले आई।
बाद में महिला ने कोतवाली पहुंचकर बच्ची की पहचान अपनी पुत्री माफिया बानो (4 वर्ष) के रूप में की। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और सतर्क रहने की हिदायत दी। अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया।
बालिका को खोजने वाली पुलिस टीम में SI विशाखा राठौर, HC सोनू चौधरी, HC जमशेद अली, LC सोफिया अंसारी तथा HG अंकित कुमार शामिल रहे।




