ब्यूरो चीफ मुजम्मिल खान
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कनखल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांवड़िये पर फायरिंग की घटना में शामिल कुख्यात ‘पिल्ला गैंग’ के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जनपद पुलिस अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कनखल द्वारा क्षेत्र में बढ़ रही मारपीट और झगड़ों की घटनाओं को देखते हुए सादे वस्त्रों में विशेष पुलिस टीमों को जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों और कुछ स्थानीय युवकों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कनखल थाने में मुकदमा संख्या 187/2026 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अब तक इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने ‘पिल्ला गैंग’ के एक और सक्रिय सदस्य तथा फायरिंग करने वाले आरोपी सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि ‘पिल्ला गैंग’ के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल संजू सैनी और कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल रहे।




