रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने नकली नोट तैयार कर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये के छपे नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को ₹52,500 के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की गहन जांच की गई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य नकली नोट छापने में प्रयुक्त उपकरण और जाली नोटों को कार से बिजनौर की ओर ले जाकर ठिकाने लगाने वाले हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए श्यामपुर पुलिस ने लालढांग तिराहे पर घेराबंदी कर कार संख्या UK-08BG-6798 को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला लैपटॉप, एचपी और कैनन कंपनी के दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, ₹500 के चार असली नोट तथा 25 शीटों पर छपे लगभग ₹50 हजार के नकली नोट बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सदस्य गुलजार ऑनलाइन विशेष प्रकार का पेपर मंगाता था, जबकि शगुन असली नोट की तस्वीर लेकर सॉफ्टवेयर और ऐप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाकर प्रिंट तैयार करता था। आरोपी देवेंद्र ने स्वीकार किया कि वह पहले भी गुलजार के साथ मिलकर बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुका है, जिनमें से लगभग 60 हजार रुपये के नोट बाजार में चलाए गए थे। इसके बाद गिरोह ने अपने नेटवर्क का विस्तार किया और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने का प्रयास कर रहा था। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने गिरोह की जड़ पर प्रहार करते हुए देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की बड़ी साजिश को विफल कर दिया।
बरामदगी
एक लैपटॉप व चार्जर
एचपी कंपनी का एक प्रिंटर
कैनन कंपनी का एक प्रिंटर
पांच मोबाइल फोन
₹500 के चार असली नोट
25 शीटों पर छपे लगभग ₹50 हजार के नकली नोट
गिरफ्तार आरोपी
देवेंद्र कुमार (31), निवासी सरदारपुर छामली, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
गुलजार अहमद (30), निवासी टांडा सिक्कावाला, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
शगुन जोशी (26), निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।




