रिपोर्ट मन्नान खान
हरिद्वार, 5 जुलाई। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिडकुल क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को अमरेश कुमार पुत्र राजेंद्र, निवासी औरंगाबाद सिडकुल (वर्तमान पता- शिवालिक गंगा विहार, नवोदय नगर, सिडकुल) ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की लिखित शिकायत थाना सिडकुल में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में थानाध्यक्ष सिडकुल ने घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान वाहन चेकिंग अभियान में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी कार्तिक के साथ मिलकर तीन-चार दिन पहले नवोदय नगर स्थित शिवालिक गंगा विहार कॉलोनी से रात के समय यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि उसका साथी पहले भी सिडकुल क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बिजनौर (उत्तर प्रदेश) में बेच चुका है। बरामद बाइक को भी बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे दबोच लिया।
मामले में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी कार्तिक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहवाज पुत्र मेहराज, निवासी मोहल्ला जाटमपुरी, थाना जाटमपुरी, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी भूरा चिकन वाले का मकान, रोशनाबाद, सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा तथा कांस्टेबल नरेंद्र चौहान शामिल रहे।




