रिपोर्ट अशरफ खान
बहादराबाद। दादूपुर गोविंदपुर स्थित शिवगंगा विहार कॉलोनी में बिजली विभाग द्वारा वर्ष 2023 में शुरू किया गया बिजली लाइन सुधार कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि अधिकांश क्षेत्रों में पुरानी एल्यूमिनियम तारों को हटाकर नई रस्से वाली केबल लाइन बिछा दी गई, लेकिन कॉलोनी की दो गलियों में कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार इन दोनों गलियों में आज भी बिजली की तारें घरों के सामने और कई स्थानों पर छतों के ऊपर से गुजर रही हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। बरसात और तेज हवाओं के दौरान तारों को लेकर लोगों में भय का माहौल रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी क्षेत्रवासी लगातार चिंता जता रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें लगातार जोखिम के बीच रहना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने यूपीसीएल एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शिवगंगा विहार कॉलोनी की दोनों गलियों में अधूरा पड़ा बिजली लाइन कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए तथा घरों और छतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।




