रिपोर्ट अशरफ खान
कलियर, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना कोतवाली कलियर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को इस्लामनगर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) निवासी जाने आलम की पत्नी ने थाना कलियर में सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ दरगाह कलियर जियारत के लिए आई थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे उनका 8 वर्षीय पुत्र अरसान बिना बताए कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना कलियर पुलिस हरकत में आ गई। डे ऑफिसर, चेतक पुलिसकर्मियों, निजी टीम और महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल दरगाह क्षेत्र, नहर पटरी, रिक्शा स्टैंड तथा आसपास के इलाकों में बालक की तलाश के लिए रवाना किया गया।
पुलिस की मुस्तैदी और लगातार खोजबीन के बाद रेन बसेरा के पास गुमशुदा बालक अरसान सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में भी प्रशंसा हो रही है।




