रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने समस्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश और अपील जारी की है। पुलिस एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अनुरोध किया है कि यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
साथ ही पैदल जल लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं की कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट तथा कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं रखने की सलाह दी गई है, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अन्य यात्रियों को भी असुविधा न हो।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार अथवा किसी भी प्रकार के हथियार लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भोले की नगरी हरिद्वार में शराब एवं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन अथवा उनके प्रभाव में प्रवेश करने पर भी रोक रहेगी।
हर कांवड़ यात्री से वैध पहचान पत्र (आईडी) साथ रखने की अपील की गई है। वहीं रेलमार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थान पर यात्रा करना कानूनन अपराध है। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी विवाद, मारपीट या किसी भी प्रकार का तनाव उत्पन्न न करने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है, न कि किसी प्रकार का विवाद या अशांति फैलाना।
पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, अनुशासित एवं सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।




