रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस और उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण स्क्वाड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 150 किलो कथित/संदिग्ध गौमांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण और कांटा-तराजू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गौकशी एवं अवैध पशु कटान के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 जुलाई 2026 को पुलिस टीम कलियर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम तेलियों वाली मस्जिद के निकट स्थित मन्नवर उर्फ मन्ना की मीट की दुकान पर पहुंची, जहां दो व्यक्ति मांस की कटाई करते मिले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से लगभग 150 किलो संदिग्ध गौमांस, एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां, एक चापड़, एक कांटा-तराजू तथा सात बाट बरामद किए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद मांस दुकान संचालक मन्नवर द्वारा लाया गया था और उसे कलियर क्षेत्र में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा संख्या 154/2026 के तहत उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 5/11 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
– अफरोज पुत्र नाजिर, निवासी वार्ड नं. 01, कलियर
– कलीम पुत्र वहीद, निवासी वार्ड नं. 01, कलियर
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में गौतस्करी और अवैध पशु कटान के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




