Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, 25 चोरी की बाइक बरामद, 2 शातिर गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, 25 चोरी की बाइक बरामद, 2 शातिर गिरफ्तार

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट अशरफ खान 

 उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के ‘ऑपरेशन प्रहार-2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा कई वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं।

रानीपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और संदिग्धों की गतिविधियों की निगरानी करते हुए कार्रवाई की। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते से भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर सहित कई क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेचते थे। जो बाइक नहीं बिकती थी, उसके पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच दिए जाते थे। दोनों ने चोरी की गई बाइक दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी थीं। पुलिस ने वहां छापेमारी कर 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

बरामद वाहनों में कोतवाली रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, थाना सिडकुल, मंगलौर तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई बाइक शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भव्य उर्फ भोला (18 वर्ष) निवासी अमीरपुर गांगू, बिजनौर तथा सुधीर कुमार (22 वर्ष) निवासी रसूलपुर आबाद, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार भव्य पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जबकि सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है।

 

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स