(रिपोर्ट अशरफ खान )हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई बाइक भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जनपद में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार निगरानी रखी।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस ने 24 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इनके कब्जे से पहले दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं और पूछताछ के बाद अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र रईस और सोनू पुत्र अल्हादिया, निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने मंगलौर, भगवानपुर, कलियर, झबरेड़ा, रुड़की, मुजफ्फरनगर, देवबंद तथा हरियाणा के पानीपत समेत कई स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पैदल क्षेत्रों में पहुंचकर मौका मिलते ही बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद वाहनों के संबंध में अन्य जनपदों और राज्यों की पुलिस को भी सूचना भेजी जा रही है।
इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में वाहन चोरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा और हर वारदात का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




