रिपोर्ट शोएब राणा
हरिद्वार, 18 जून। आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरिद्वार में आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऋषिकुल मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि योग शिविर का शुभारंभ 21 जून को प्रातः 6 बजे होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि तथा हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
बैठक में योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पंडाल एवं बैठने की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराई जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था नगर निगम हरिद्वार द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट को वीआईपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन का दायित्व एसपी सिटी को दिया गया है।
योग शिविर में स्कूली छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार इस कार्यक्रम में लगभग एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को प्रतिभागियों के लिए योगा मैट एवं जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी कर आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




