रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात कोतवाली रानीपुर पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सेक्टर-3 बीएचईएल गैस गोदाम के पास एक ऑल्टो कार में सवार संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान कार्तिक कुमार (19 वर्ष) पुत्र लाल बहादुर सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिली ऑल्टो कार संख्या UK 08 AW 6408 को भी मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 220/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल थापा, कांस्टेबल अमित राणा और कांस्टेबल नरेंद्र राणा शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




