रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही है। अभियान के तहत 11 जून 2026 की रात सेक्टर-1 पीठ ग्राउंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नाजायज चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुमार उर्फ नन्नू पुत्र बाबूराम निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना सिडकुल में मु0अ0सं0 395/25 धारा 313 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल दिग्पाल सिंह और कांस्टेबल विजयपाल शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।




