लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कांवड़ मेला-2026: हरिद्वार और बिजनौर पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति, सुरक्षा से ट्रैफिक तक हर पहलू पर मंथन

कांवड़ मेला-2026: हरिद्वार और बिजनौर पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति, सुरक्षा से ट्रैफिक तक हर पहलू पर मंथन

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट मुजम्मिल खान

हरिद्वार, 5 जुलाई। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस प्रशासन के बीच अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, बॉर्डर चेकिंग और कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना श्यामपुर क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में आयोजित इस बैठक में दोनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने हैवी वाहनों की आवाजाही का समय तय करने, प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने और अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

बैठक में कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, चिकित्सा, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही डीजे संचालन से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की रणनीति भी तैयार की गई।

अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय बनाए रखने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग एवं प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी यातायात हरिद्वार भूपेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर सहित हरिद्वार एवं बिजनौर पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। यह पहल दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और सौहार्द का प्रतीक मानी जा रही है।

 

“सुरक्षित कांवड़ • सुव्यवस्थित कांवड़ • समन्वित कांवड़” के संदेश के साथ दोनों राज्यों की पुलिस ने इस वर्ष का कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स