हरिद्वार, 30 मई। आगामी कांवड़ मेले एवं वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार देर रात अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्देश दिए कि अपर रोड पर संचालित सभी सीवरेज निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून तक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और जुलाई के अंत में कांवड़ मेला भी शुरू होने वाला है। ऐसे में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क किनारे पड़े मलबे और निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को सड़क मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और पड़े मलबे को हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, सहायक परियोजना अभियंता संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार, ठेकेदार रजत शर्मा, अपर अभियंता सुनील कुमार, मनमोहन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




