रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, आगामी कांवड़ मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता (BDS) ने रविवार को मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बीडीएस टीम ने मनसा देवी एवं चंडी देवी मंदिर परिसर, रोपवे स्टेशन, पैदल मार्गों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों की गहन जांच की। संदिग्ध वस्तुओं और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से संवेदनशील स्थलों की जांच करते हुए सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में बीडीएस, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा इकाइयों को लगातार सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।




