रिपोर्ट डिवेलप इंडिया न्यूज़ टीम
आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम रुड़की के सभागार में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में ग्रामीण क्षेत्र के स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्सर क्षेत्र को छोड़कर देहात क्षेत्र के सभी सर्किल ऑफिसर्स एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपीओज से यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना, कांवड़ियों को निर्धारित कांवड़ पटरी से सुरक्षित मार्ग पर भेजना तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित एसपीओज को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी उनके सहयोग से कांवड़ यात्रा को सफल बनाया जाएगा। साथ ही सभी से अपील की गई कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे और कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया कि एसपीओज के सहयोग से इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न होगी।




