लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी लाएं, गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं : राम सिंह कैड़ा

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी लाएं, गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं : राम सिंह कैड़ा

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

 

हरिद्वार, 8 जून उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीसीआर भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

मंत्री ने सड़कों, पुलों, घाटों, पार्किंग स्थलों सहित सभी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी समय रहते मजबूत करने पर जोर दिया।

 

उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले अधिकतम कार्य पूरा किया जाए। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा को तत्काल शासन के संज्ञान में लाने को कहा ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।

श्री कैड़ा ने कहा कि गंग नहर पर निर्माणाधीन घाटों के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री से वार्ता कर क्लोजर अवधि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

 

मेलाधिकारी ने दी प्रगति की जानकारी

 

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की गई है और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि घाट निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन से गंगा नहर की क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।

 

शंकराचार्यों को आमंत्रण, अखाड़ों से निरंतर संवाद

 

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि कुंभ मेला-2027 के लिए शंकराचार्यों को सादर आमंत्रित किया गया है तथा सभी अखाड़ों और आश्रमों से लगातार संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज और धार्मिक संस्थाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

 

निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

 

अपने दौरे के दौरान मंत्री ने सीसीआर-2 भवन और एडमिन रोड के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे हैं फोटो

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स