हरिद्वार, 31 मई 2026।
’
चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले प्रत्येक यात्री की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों को यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी के चलते चारधाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




