रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 11/12 जुलाई 2026 की रात थाना सिडकुल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान चेतक पुलिस टीम ने पुलिस लाइन पेट्रोल पंप तिराहे और नेचर कंपनी के सामने चौराहे से अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनस पुत्र मोनू, निवासी दौड़बसी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार तथा विक्की पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम कुकड़ा हल्दौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रविदास मंदिर के पास, सलेमपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना सिडकुल में आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी, हेड कांस्टेबल संजय तोमर, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।




