Home » लेटेस्ट न्यूज़ » जनसुनवाई में पहुंचीं 65 शिकायतें, 32 का मौके पर हुआ निस्तारण

जनसुनवाई में पहुंचीं 65 शिकायतें, 32 का मौके पर हुआ निस्तारण

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

हरिद्वार, 01 जून 2026।

जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।

 

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि पैमाइश, विद्युत कनेक्शन, राशन कार्ड संशोधन, सिंचाई सुविधाओं एवं अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।

 

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यक होने पर स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान कराया जाए।

 

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्त निर्देश

 

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि 36 दिनों से अधिक समय से कई शिकायतें लंबित हैं। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 583 तथा एल-2 स्तर पर 171 शिकायतें लंबित हैं।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों के निस्तारण में किसी प्रकार की देरी न हो।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारीगण, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स