लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » जनसुनवाई में 44 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर हुआ निस्तारण; लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश

जनसुनवाई में 44 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर हुआ निस्तारण; लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट अशरफ खान

हरिद्वार, 29 जून। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, पुलिस, अतिक्रमण और जल निकासी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अवैध कब्जे हटाने, भूमि की पैमाइश कराने, टूटी विद्युत लाइन हटवाने, चकरोड से अतिक्रमण हटाने, इंटरलॉकिंग मार्ग की मरम्मत, जलभराव की समस्या के समाधान और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने जैसी मांगें रखीं।

 

अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। समीक्षा में बताया गया कि एल-1 स्तर पर 504 तथा एल-2 स्तर पर 132 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स