हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रानीपुर एवं सीआईयू की संयुक्त टीम ने तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल, पर्स और नकदी लूटने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, नकदी, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोककर तमंचा दिखाया और उनकी स्कूटी, मोबाइल, पर्स तथा ₹5000 नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस को पता चला कि आरोपी स्थानीय युवक हैं और उन्होंने वारदात के दौरान गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया था।
31 मई की रात रेगुलेटर पुल के पास पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोककर जांच की। स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। इंजन और चेसिस नंबर की जांच में पुष्टि हुई कि यह वही लूटी गई स्कूटी थी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पीड़ित का मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकदी, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लूटी गई स्कूटी का इस्तेमाल कर रहे थे और दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
कार्तिक सैनी (20 वर्ष), ऋषिकुल, हरिद्वार
शिवांश उर्फ विलन (21 वर्ष), अहमदपुर ग्रांट, बहादराबाद
लक्की (19 वर्ष), सिया कॉलोनी, कनखल
वंश चंचल (20 वर्ष), राजू नगर, बस अड्डा क्षेत्र
बरामदगी
लूटी गई स्कूटी
घटना में प्रयुक्त स्कूटी
पीड़ित का मोबाइल फोन
पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं नकदी
315 बोर का देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस
एक चाकू
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।




