रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार थाना पथरी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की दो घटनाओं के संबंध में दिनांक 21 जून 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 301/26 एवं 302/26 दर्ज किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने थाना पथरी पुलिस को चोरी गई मोटरसाइकिलों की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों का भी बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
दिनांक 21 जून की रात्रि मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घुण्टी चौक जाने वाली सड़क पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु पुत्र पवन निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी तथा मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा बरामद वाहनों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्प्लेंडर और डिस्कवर समेत कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक जसवन्त बिष्ट, कांस्टेबल नवीन कुमार एवं कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्यशैली की सराहना की है।




