रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार, 12 जून 2026। चारधाम यात्रा और बढ़ते यातायात दबाव के बीच परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 17 वाहनों को सीज कर दिया, जबकि 30 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रेलवे स्टेशन, वाल्मीकि चौक, कर्नाटक भवन तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
प्रवर्तन अभियान के दौरान ऑटो-रिक्शा, विक्रम, ई-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित होते पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने 30 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 7 ऑटो/विक्रम और 10 ई-रिक्शा सहित कुल 17 वाहनों को सीज कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। बिना वैध दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों के वाहन संचालन यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकता है, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एआरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि परिवहन नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं एआरटीओ नेहा झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और जनहित के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज समय-समय पर अपडेट रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षित और नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक जांच अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।




