Home » लेटेस्ट न्यूज़ » मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 200 से अधिक अवैध कब्जों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 200 से अधिक अवैध कब्जों पर कार्रवाई

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट अशरफ खान

हरिद्वार, 05 जून। मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में तीसरे दिन भी व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुचारू एवं जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) से देवपुरा चौक तक चलाए गए अभियान में 70 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए, जबकि उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में हरकी पैड़ी से वाल्मीकि चौक तक 50 से अधिक अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नालियों और फुटपाथों पर बने खोखे, ढाबे और अन्य अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए गए।

 

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़कों, फुटपाथों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

रुड़की क्षेत्र में भी चला बुलडोजर

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देश पर मंगलौर से कोर कॉलेज तक राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगभग 50 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। वहीं धनौरी क्षेत्र में यूपी सिंचाई विभाग के सहयोग से चलाए गए अभियान में 20 से अधिक अवैध झुग्गियों को ध्वस्त किया गया।

 

लक्सर-खानपुर में 25 अतिक्रमण हटे

 

उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में लक्सर से खानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाए गए अभियान में 25 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही 5 लोगों के चालान कर उन्हें दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।

 

भगवानपुर में जब्त हुआ सामान, कटे चालान

 

उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में खानपुर अंडरपास से रायपुर पेट्रोल पंप तक अभियान चलाया गया। इस दौरान 30 लोगों का सामान जब्त किया गया तथा 9 लोगों के कुल 17,500 रुपये के चालान किए गए।

 

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़क, नाली और फुटपाथ पर दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जनहित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स