रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के समापन के बाद नगर निगम हरिद्वार ने त्वरित और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था का नया कीर्तिमान स्थापित किया। लगभग 75 लाख श्रद्धालुओं के स्नान के बाद विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित हुए कूड़े को नगर निगम की टीम ने पूरी रात अभियान चलाकर साफ किया और सुबह तक सभी प्रमुख क्षेत्रों को स्वच्छ बना दिया।

पुलिस प्रशासन से वाहनों के संचालन की अनुमति मिलते ही नगर निगम की टीम ने रात्रि करीब 9 बजे से सफाई अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट और मालवीय घाट सहित सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर विशेष सफाई कार्य किया गया।
नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी रात लगातार मेहनत करते हुए करीब 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। रात्रि 4 बजे तक सभी प्रमुख घाटों, मार्गों और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा हटाकर सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया, जिससे स्नान पर्व के बाद भी शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनी रही।
स्वच्छता अभियान की निगरानी के लिए नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार स्वयं रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे और सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की संपूर्ण स्वच्छता टीम पूरी रात मुस्तैदी के साथ कार्य में जुटी रही।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूरी कर ली गई। यह उपलब्धि निगम की सुव्यवस्थित कार्ययोजना, बेहतर समन्वय और कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के सफल आयोजन के बाद चलाया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान नगर निगम हरिद्वार की कार्यकुशलता और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।




