रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार, 8 जून। भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और तलाश अभियान चलाया। इसी क्रम में 8 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी अजय पुत्र तीरथपाल निवासी ग्राम घसोती, थाना रामपुर मनिहारन, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को उसके गांव से हिरासत में ले लिया। साथ ही नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 64(2)(k) बीएनएस तथा 5(k)(m)/6 पॉक्सो अधिनियम की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:
– उपनिरीक्षक आशीष नेगी
– कांस्टेबल विनय थपलियाल
– महिला पीआरडी सोनिया शर्मा
हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।




