लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: 10 दिन पहले चोरी हुई 4 माह की बच्ची सकुशल बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: 10 दिन पहले चोरी हुई 4 माह की बच्ची सकुशल बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट अशरफ खान

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 10 दिन पहले विष्णु घाट क्षेत्र से चोरी हुई चार माह की मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची चोरी की साजिश रचने वाले एक बाबा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को संभल (उत्तर प्रदेश) निवासी पुष्पेंद्र ने चौकी रोड़ी बेलवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए उनके परिवार की चार माह की बेटी विष्णु घाट के पास पेड़ के नीचे सोते समय गायब हो गई। घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

 

एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मॉनिटरिंग करते हुए पुलिस टीमों को बच्ची की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। कनखल और कलियर क्षेत्र से बच्चों की बरामदगी के बाद पुलिस ने इस मामले पर विशेष फोकस किया।

 

हरिद्वार से हावड़ा तक खंगाला सुराग

 

जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध दंपत्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जो पहले एक बच्चे और बाद में दो बच्चों के साथ दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज, बस और ट्रेन यात्रा की जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने हरिद्वार से धामपुर और वहां से हावड़ा तक के संभावित रूट की गहन जांच की। ट्रेन के 65 स्टेशनों तक जानकारी जुटाई गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने जांच का एंगल बदलते हुए संदिग्धों के हरिद्वार आने के रूट की पड़ताल की। जांच में पता चला कि दंपत्ति शिवालिक नगर क्षेत्र की ब्रह्मपुरी में झाड़-फूंक करने वाले बाबा सत्यपाल की झोपड़ी में रह रहा था।

 

झोपड़ी में दबिश, बच्ची सहित तीनों आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबा सत्यपाल की झोपड़ी पर दबिश दी, जहां से अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। साथ ही बाबा सत्यपाल, लाल बहादुर और उसकी पत्नी प्रीति रानी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

तीन लाख रुपये के लालच में रची गई साजिश

 

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि एक दंपत्ति को पुत्र की चाहत थी और बच्चे के बदले तीन लाख रुपये देने की बात कही गई थी। इसी लालच में दंपत्ति ने अपने परिचित सत्यपाल के साथ मिलकर हरिद्वार के घाटों से बच्चा चोरी करने की योजना बनाई।

 

26 मई को हरिद्वार पहुंचे आरोपियों ने 27 मई की रात विष्णु घाट क्षेत्र में मौका तलाशा और 28 मई की सुबह करीब चार बजे गहरी नींद में सो रहे परिवार के बीच से बच्ची को उठा लिया। आरोपियों ने उसे लड़का समझकर चोरी किया था, लेकिन बाद में लड़की होने का पता चलने पर उसे बेचने की नई योजना बनाई। इसी दौरान हरिद्वार पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

सत्यपाल पुत्र विजय सिंह, निवासी सैदाबाद, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार

 

लाल बहादुर पुत्र कन्हैया लाल, निवासी नगरिया, थाना जसवंत नगर, इटावा (उ.प्र.)

 

प्रीति रानी पत्नी लाल बहादुर, निवासी उपरोक्त

 

 

पुलिस टीम की सराहना

 

मामले के सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर, सीआईयू और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बच्ची की सकुशल बरामदगी के बाद आमजन ने एसएसपी नवनीत सिंह और हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

 

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि गंभीर मामलों में सतर्कता, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों से असंभव दिखने वाले मामलों का भी सफल खुलासा किया जा सकता है।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स