लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पैकेज्ड पानी और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पैकेज्ड पानी और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

रिपोर्ट मुजम्मिल खान

हरिद्वार, 5 जून। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभिन्न पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सिडकुल क्षेत्र स्थित तीन पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों की जांच की गई। मौके से एक लीटर की पैक्ड पानी की बोतलों के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए। जांच में कई इकाइयों द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने, टेस्टिंग रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने तथा पैकेजिंग प्रमाणपत्र नहीं दिखाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित इकाइयों को एफएसएसओएस पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी किए गए।

 

विभागीय टीम ने एक निर्माण इकाई में स्वच्छता मानकों के उल्लंघन और निर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर तीन दिन के भीतर सुधार के निर्देश भी दिए हैं।

इसके अलावा 26 मई को हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक कैंटीन के निरीक्षण में लगभग 4.5 किलोग्राम उबले काले चने खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान पानी की रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल एवं वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इस मामले में कैंटीन संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत न्यायालय में वाद दायर किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी, लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में भी निरीक्षण अभियान चलाया गया। कुल नौ प्रतिष्ठानों की जांच में दो को नोटिस जारी किए गए, जबकि बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे एक खाद्य कारोबारी का चालान किया गया।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान जनपद भर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स