रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार, 9 जुलाई 2026:
कोतवाली नगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले का एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार और उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान अपनी टीम के साथ दुधियाबंद तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रायवाला की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान जिशान (26 वर्ष), निवासी नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 28 जून 2026 को एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित थे। इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर कई पुलिस टीमों को जांच और गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी हर की पैड़ी क्षेत्र से एक महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट ले गए। वहां पैसे को लेकर विवाद होने के बाद दोनों ने कथित रूप से महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले के अलावा पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
नोट: आरोपी का कथित बयान पुलिस जांच का हिस्सा है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।




