Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, 38 यात्री घायल

हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, 38 यात्री घायल

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

हरिद्वार, 01 जून 2026। हरिद्वार के सप्तऋषि चौकी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास सर्विस लेन से हाईवे पर चढ़ रही राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी एक बस को पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मृत्यु हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर जिले से आए करीब 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। श्रद्धालु तीन बसों में सवार होकर सोमवार सुबह वापस नागौर लौट रहे थे। इसी दौरान बस संख्या AR06-C-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी, तभी देहरादून की ओर से हरिद्वार आ रहे डंपर संख्या UK08-CB-8077 ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को तत्काल जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया।

 

हादसे में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं सहित कुल 38 लोग घायल हुए हैं। वहीं एक महिला श्रद्धालु की मौके पर मृत्यु हो गई। मृतका के शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है।

 

पुलिस प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा संबंधित वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स