रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 7 जुलाई 2026। हरिद्वार में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने लक्ज़री बसों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, टैक्स, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 2 बसों को सीज़ कर दिया गया। इसके अलावा तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियों के चलते 4 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।
अभियान के दौरान काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई, जहां किसी भी बस को अवैध रूप से सवारी चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं दी गई। विभाग ने सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही सुनिश्चित कराया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।
परिवहन विभाग ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 15 लक्ज़री बसें शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही वाहन स्वामियों और संचालकों से सभी दस्तावेज अद्यतन रखने और मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करने की अपील की गई है।




