रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हरिद्वार श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की इंटरसेप्टर टीम एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान इंटरसेप्टर टीम का नेतृत्व श्रीमती वरुणा सैनी तथा यातायात पुलिस टीम का नेतृत्व यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) मोहित रौथाण ने किया। टीमों ने जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर यात्री बसों और अन्य परिवहन वाहनों की सघन जांच की।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, कर अदायगी, चालक लाइसेंस, यात्री सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। विभिन्न नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 15 बसों के चालान किए गए।

इसके अलावा तीन बसों में गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर उनके फिटनेस प्रमाण-पत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है। संबंधित मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और यात्री वाहनों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ऐसे संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




