हरेला पर्व पर हरिद्वार पुलिस का हरित संकल्प, श्रावण मास में लगाए जाएंगे 10 हजार पौधे
ब्यूरो चीफ मुजम्मिल खान | हरिद्वार
हरेला पर्व के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन रोशनाबाद, पुलिस कार्यालय सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। अभियान की शुरुआत सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने पुलिस लाइन रोशनाबाद से की।

कार्यक्रम के दौरान करीब 500 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। इनमें जामुन, आंवला, अमरूद, आम, लीची जैसे फलदार वृक्षों के साथ शीशम सहित अन्य छायादार पौधे शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर आमजन से भी पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता की अपील की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान सीओ लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक ने पुलिस कर्मियों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट कांस्टेबलों को हरेला पर्व के सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सभी को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प दिलाया।
हरिद्वार पुलिस ने इस दौरान पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों का भी निरीक्षण किया और उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पौधों के सुरक्षित रूप से विकसित होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल उसके पूर्ण विकसित होने तक की जाएगी।
एसएसपी नवनीत सिंह ने श्रावण मास के दौरान 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान पूरे सावन भर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, शाखाओं और पुलिस कार्यालयों में जारी रहेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनकी रक्षा भी करे।




