रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 25 जून। थाना सिडकुल क्षेत्र के चर्चित हेतमपुर मारपीट एवं जानलेवा हमले के मामले में सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर ₹2500-₹2500 का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को सचिन पुत्र सुबीर निवासी पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर) की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमला किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने 24 जून को कार्रवाई करते हुए दो फरार इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरिद्वार ने बताया कि सिडकुल पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई और सटीक सूचना तंत्र के चलते दोनों आरोपियों को दबोचा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल उर्फ पप्पू पुत्र स्व. रविंदर, निवासी हेतमपुर, थाना सिडकुल, उम्र 20 वर्ष।
सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीण, निवासी हेतमपुर, थाना सिडकुल, उम्र 19 वर्ष।
पुलिस ने बताया कि शेष फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल संजय सिंह और हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक शामिल रहे।




