रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली कलियर पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को वसीम पुत्र मुस्तकीम निवासी बढ़ेड़ी राजपूताना, थाना बहादराबाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी UP12AZ-1249 नंबर की मोटरसाइकिल कलियर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली कलियर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों नहरों के बीच वाली पटरी से एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहनवाज़ पुत्र ताशीन, निवासी वार्ड नंबर-6, नई बस्ती, पिरान कलियर बताया। उसने स्वीकार किया कि अधिक पैसे कमाने और अपने दैनिक खर्च पूरे करने के लालच में उसने बाइक चोरी की थी और उसे बेचने जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार और हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।




